ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने नई दिल्ली के संसद स्ट्रीट स्थित मस्जिद के इमाम मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को मस्जिद की इमामत से हटाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। मौलाना शहाबुद्दीन ने इन पत्रों में शिकायत की है कि मोहिबुल्लाह ने मस्जिद के अंदर समाजवादी पार्टी की बैठक करके पवित्रता को भंग किया है। इससे भारत के मुस्लिमों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है। मस्जिद के अंदर सिर्फ खुदा की इबादत के अलावा कोई दूसरा कार्य नहीं किया जा सकता। पत्र में मौलाना ने उम्मीद जताई है कि उनकी मांग पर विशेष ध्यान देते हुए कार्रवाई की जाएगी। ताकि मुस्लिमों की भावनाएं आहत करने वालों को सजा मिल सके।