बरेली के सिरौली क्षेत्र में बरात में हर्ष फायरिंग के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे मंगलवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, सात दिसंबर को बरेली के थाना सुभाष नगर के गांव सिठौड़ा से सिरौली के शिवपुरी गांव में आई बरात में रघुनाथपुर शाहबाद रामपुर के अरविंद कुमार यादव ने बरात में अंधाधुंध हर्ष फायरिंग की, जिसमें एक गोली सिठौड़ा के रिजवान के माथे में लगी थी। उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक रिजवान के पिता निसार अहमद ने अरविंद यादव के अलावा गांव सिठौड़ा के तस्लीम, यासीन, रशीद सहित चार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि अरविंद को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।