बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में पत्नी से झगड़ने के बाद युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह उसका शव कमरे में लटका मिला। सुभाषनगर क्षेत्र के गांव करेली निवासी 25 वर्षीय शंकर लाल ने बृहस्पतिवार को पहले अपने बहनोई के साथ शराब पी। इसके बाद शराब के नशे में ही उसने घर में पत्नी से विवाद किया और पत्नी को कमरे से बाहर निकाल दिया। देर रात शंकर लाल ने कमरे में पत्नी के दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस का मानना है कि नशे की हालत में शंकर लाल ने आत्मघाती कदम उठाया है।