बरेली के कोतवाली क्षेत्र की सुभाष मार्केट में मंगलवार को सिलिंडर फटने से आग लगने की फर्जी कॉल करके अग्निशमन टीम को छकाया गया। टीम करीब आधा घंटे तक प्वाइंट खोजती रही पर कहीं सिलिंडर फटा नहीं मिला। फर्जी सूचना देने वाले ने भी अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। सिविल लाइंस स्थित अग्निशमन केंद्र के एसआई सचिन कुमार दोपहर बाद दमकल वाहन व टीम लेकर सुभाष मार्केट पहुंचे। वहां अग्निशमन टीम ने कई जगह तलाश की लेकिन कोई सिलिंडर कहीं नहीं फटा मिला। दरोगा ने बताया कि एक नंबर से कॉल करके इस तरह की सूचना दी गई थी। उन्हें कहीं आग लगने की घटना मिली है और न ही इस नंबर पर बात हो पा रही है। थोड़ी ही देर में वह नंबर ऑफ बताने लगा। दरोगा सचिन कुमार ने बताया कि कई बार ऐसी ही फर्जी सूचनाएं दी जाती हैं जिससे अग्निशमन कर्मी परेशान होते हैं। बताया कि इस नंबर की थाना पुलिस से जांच कराई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह सही व सटीक सूचनाएं ही दें।