बरेली लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार ने जीत दर्ज की। उन्होंने सपा के प्रवीण सिंह ऐरन को 56 हजार से अधिक वोटों से हराया। जीत के बाद छत्रपाल गंगवार का समर्थकों ने स्वागत किया। छत्रपाल गंगवार मतगणना स्थल से निकले तो सीबी गंज, मिनी बाइपास समेत अन्य स्थानों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। उन्होंने बड़े हनुमान मंदिर में पहुंचकर माथा टेका। उनकी जीत का जश्न देर रात तक चलता रहा। नवनिर्वाचित सांसद के परिवार की महिलाओं ने जमकर डांस किया। एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। वहीं छत्रपाल गंगवार ने कहा कि वह बरेली में नए उद्योगों को लगवाने और पहले से लगे उद्योगों के प्रोत्साहन के लिए काम करेंगे। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। कहा कि अब उन्हीं के बीच बैठकर प्राथमिकताएं तय करेंगे। केंद्र व प्रदेश सरकार से समन्वय से उद्योगों को संजीवनी दिलाने का काम करेंगे।