बरेली में व्यापारियों से तीखी नोक-झोंक के बाद बीडीए ने इज्जतनगर रोड पर मार्केट को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। हरिशंकर गंगवार नाम के व्यक्ति की आईवीआरआई रोड पर स्थित गुलजार मेंशन नाम से बनी मार्केट को लेकर उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शनिवार दोपहर बीडीए उपाध्यक्ष का घेराव किया था। तीखी नोक-झोंक के बाद कार्यालय के बाहर ही धरना प्रदर्शन कर बीडीए मुर्दाबाद के नारे लगाए थे। मौके पर सीओ पंकज श्रीवास्तव और बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने पहुंच कर स्थिति को नियंत्रण में कर बातचीत कराई। इसके बाद सोमवार तक बातचीत का आश्वासन दिया गया था, लेकिन शाम करीब 4 बजे ही बीडीए का अमला मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचा और मार्केट ध्वस्त करने की कारवाई शुरू कर दी।