बदायूं के दातागंज क्षेत्र में समरेर और फरीदपुर के बीच अधूरे पुल से कार गिरने से हुई तीन लोगों की मौत का मामला सोमवार को शासन तक पहुंच गया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रांतीय खंड के दो सहायक व दो अवर अभियंताओं के खिलाफ दातागंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही चारों अभियंताओं का निलंबन भी तय है। बरेली के फरीदपुर में शादी समारोह में शामिल होने आ रहे तीन युवकों की कार रविवार तड़के अधूरे पुल से करीब 20 फुट नीचे गिर गई थी। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई। ये लोग गूगल मैप से रास्ता देखते हुए चल रहे थे। इसी दौरान बदायूं के समरेर को फरीदपुर से जोड़ने वाले रामगंगा पर बने अधूरे पुल पर चढ़ गए और हादसे का शिकार हो गए।