लोगों की सुरक्षा करने वाली पुलिस अब जिन्दगी बचाने के अभियान में जुट भी गई है। रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित रक्तदान शिविर में न केवल पुलिसकर्मियों ने बल्कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रंगरूटों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में जिला अस्पताल से स्वास्थ्यकर्मी विशेष वैन के साथ पहुंचे, जिन्होंने रक्त संग्रह की पूरी व्यवस्था संभाली। सुबह से ही पुलिस लाइन का माहौल उत्साहपूर्ण रहा। जवान कतारबद्ध होकर रक्तदान करते दिखे, वहीं रंगरूटों में भी महादान को लेकर खास जोश देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। रक्तदान करने वाले पुलिसकर्मियों ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करने का यह एक अनोखा अवसर है, जिससे भीतर आत्मसंतोष की अनुभूति होती है। एसपी अर्पित विजय वर्गीय ने बताया कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता। पुलिस समाज का अभिन्न अंग है, और जब समाज को हमारी जरूरत होती है तो हम हर रूप में योगदान देने के लिए तैयार रहते हैं। इस तरह के आयोजन न केवल मानवता की सेवा हैं बल्कि जनता से पुलिस के रिश्ते को और मजबूत करते हैं।