बाराबंकी जिला सेवायोजन कार्यालय और मुंशी रघुनंदन प्रसाद सरदार पटेल महिला पीजी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पिंक रोजगार मेला में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बूंदाबांदी के बाद बढ़ी ठंड के बावजूद सुबह से ही कॉलेज परिसर में युवतियां पहुंचने लगीं। हाथों में फाइलें, आंखों में नौकरी की उम्मीद और चेहरे पर आत्मविश्वास साफ नजर आ रहा था। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 12 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों द्वारा मौके पर ही अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया गया और प्रारंभिक साक्षात्कार लिए गए। ठंड और मौसम की चुनौती के बीच पिंक रोजगार मेला महिलाओं के लिए रोजगार की नई राह खोलता नजर आया।