बाराबंकी शहर के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम में छात्रों को कानून, साइबर अपराध और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एएसपी दक्षिणी रितेश कुमार सिंह ने कहा कि अपराध के प्रति जरा सी भी ढिलाई या संकोच करना उसे बढ़ावा देने के समान है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी यदि कानून का सम्मान करना सीख जाए तो समाज में अपराध स्वतः कम हो सकते हैं। उन्होंने बच्चों को यातायात नियमों, साइबर ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की सलाह दी। एएसपी दक्षिणी ने कहा कि एक अच्छा नागरिक वही होता है जो अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझे और उनका पालन करे। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राधेश्याम धीमान ने अमर उजाला फाउंडेशन और पुलिस विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक साबित होते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी कानून और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया।