बाराबंकी। बिजली का बिल जिस तरह मैसेज आने के बाद लोग आनलाइन जमा करते हैं। उसी तरह नगरपालिका परिषद का हाउस व वाटर टैक्स आन लाइन जमा हो सकेगा। मंगलवार को नगरपालिका में इस सेवा का शुभारंभ ईओ नगर पालिका संजय कुमार शुक्ल ने कराया। पहले दिन तहसील कालोनी वार्ड के साढ़े सात सौ मतदाताओं को मैसेज भेजे गए। मैसेज भेजने के 15 मिनट के अंदर चार लोगों ने अपना बकाया हाउस टैक्स व वाटर टैक्स जमा किया। जमा करने वालों में अमर नाथ शर्मा, उमाशंकर, बाबू राम, शत्रोहन शामिल हैं। शहर में 40 हजार मकान, दुकान, व प्लाटों का कर जमा होता है। नवीन असेसमेंट का काम भी चल रहा है। इसमें 22 वार्डो में 28 हजार मकानों का असेसमेंट हो चुका है। इस व्यवस्था से लोगों को टैक्स जमा करने में आसानी होगी।