बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के लालपुर करौता गांव में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में घायल हुई रामसेवक की आठ वर्षीय पुत्री पूजा की इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार शाम ग्रामीणों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा जब शव गांव पहुंचा। परिजनों ने छात्रा का शव लालपुर चौराहे पर सूरतगंज-हेतमापुर मार्ग पर रखकर करीब चार घंटे तक प्रदर्शन किया। उनका आरोप था, कि हादसे के बाद बाइक और नाबालिग चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था, लेकिन पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया। पूजा शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे प्राथमिक विद्यालय कुतलूपुर पैदल पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान हेतमापुर की ओर से आ रही बाइक की चपेट में आ गई थी।