हर साल सरयू नदी में आने वाली बाढ़ से निपटने की तैयारी को लेकर बृहस्पतिवार को रामनगर तहसील क्षेत्र के हेतमापुर गांव में प्रशासन ने मॉक ड्रिल की। इस दौरान अचानक बाढ़ आने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, अस्पताल तक इलाज के लिए ले जाने और राहत कार्यों को लेकर फुल-स्केल अभ्यास किया गया। एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम ने मोटरबोट के जरिए डूबते लोगों को बचाने का सजीव प्रदर्शन किया। राहत और बचाव कार्यों की बारीकियों को मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिखाया गया। ड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन विभाग, स्थानीय पुलिस, तहसील प्रशासन की पूरी टीम सक्रिय दिखी। इस मौके पर रामनगर के एसडीएम, सीओ समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामवासियों को भी बाढ़ से बचाव और सतर्कता के तरीके बताए गए। मॉक ड्रिल का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में सभी विभागों के बीच समन्वय और तैयारियों को परखना रहा।