नवाबगंज नगर पालिका परिसर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने 1350 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आवास दिलाने के नाम पर यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा एक भी रुपये की मांग की गई, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेजा जाएगा। राज्य मंत्री ने बताया कि पूर्व में ऐसे ही एक प्रकरण में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे आवास और ली गई धनराशि वापस कराई गई थी। उन्होंने सीडीओ को निर्देश दिए कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अवैध रूप से पैसा लेता पाया जाए, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत तथा मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सूदन मौजूद रहे।