बाराबंकी में अमर उजाला द्वारा शनिवार को केंद्रीय विद्यालय में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बच्चों को कानून की बारीकियों से अवगत कराया। उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान माहौल संवादात्मक बन गया। बच्चों ने पुलिस अधिकारियों से खुलकर सवाल पूछे। प्रभारी एसपी ने बताया कि यूपी पुलिस की ओर से आमजन को करीब 24 प्रकार की ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनसे आम जनता घर बैठे सुविधाएं प्राप्त कर सकती है। इस दौरान सड़क सुरक्षा पर भी विशेष फोकस रहा। यातायात प्रभारी रामजतन यादव ने छात्रों को सड़क हादसों के कारण और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता पर जोर देते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश वर्मा, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों को कानून, सुरक्षा और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था।