यूपी के बाराबंकी में कंपोजिट विद्यालय, उधवापुर में शिक्षिका उमा वर्मा की मौत के मामले में परिजनों ने विद्यालय स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के पति और भाई का कहना है कि स्कूल के कुछ शिक्षक-शिक्षिकाएं लंबे समय से उमा पर टीका-टिप्पणी करते थे। इससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगी थीं। परिजनों के अनुसार, उमा बीते कई दिनों से डिप्रेशन में थीं। उनका इलाज भी चल रहा था। उनका दावा है कि यह मानसिक अवसाद अचानक नहीं आया, बल्कि विद्यालय के माहौल और सहकर्मियों के व्यवहार का नतीजा था। परिजनों ने आशंका जताई है कि शुक्रवार को विद्यालय पहुंचने के बाद कोई ऐसी बात हुई होगी, जिसने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उमा वर्मा ने पहले भी घर पर स्कूल में हो रही प्रताड़ना और अपमानजनक टिप्पणियों का जिक्र किया था, लेकिन नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते वह सब कुछ सहती रहीं। शुक्रवार सुबह भी वह कुछ परेशान दिख रही थीं, हालांकि उन्होंने किसी से खुलकर बात नहीं की। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। विद्यालय के स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जाएगी। एसपी अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे कौन-कौन से कारण जिम्मेदार रहे।