बाराबंकी में मंगलवार की सुबह लोगों के लिए पूरी तरह चौंकाने वाली रही। सुबह-सुबह घने कोहरे और बादलों के बीच लोग धूप निकलने की उम्मीद लगाए बैठे थे। वहीं, कुछ ही पलों में मौसम ने ऐसा रुख बदला कि सुबह 10 बजे ही शाम जैसा अंधेरा छा गया। तेज हवाओं व गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। गरजती बिजली और हवा के तेज झोंकों ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। सड़कों पर चल रहे राहगीर जहां इधर-उधर छिपते नजर आए। वहीं बाजारों में दुकानदारों ने आनन-फानन में सामान समेटना शुरू कर दिया। कई जगह दुकानों के शटर गिरते दिखे और चहल-पहल वाला बाजार कुछ ही देर में सूना पड़ गया। अचानक बदले मौसम का असर ग्रामीण इलाकों में भी दिखा। खेतों में काम कर रहे किसान काम छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर लौटते नजर आए। बच्चों और बुजुर्गों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई। दिन में ही छाए अंधेरे और तेज हवाओं ने लोगों को एहसास करा दिया कि मौसम अब पूरी तरह मिजाज में नहीं है। धूप की उम्मीद लिए बैठे बाराबंकी वासियों को अचानक आई ‘शाम’ ने हैरान कर दिया।