सीतापुर की सीमा पर बसे छेदा गांव से अयोध्या के लिए निकली बजरंग दल की शौर्य यात्रा बृहस्पतिवार शाम सिरौलीगौसपुर तहसील सीमा में प्रवेश कर गई। यात्रा में शामिल लोग पदयात्रा करते हुए कोटवाधाम पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम किया। शुक्रवार सुबह यह यात्रा अयोध्या के लिए प्रस्थान कर गई। मार्ग में जगह-जगह यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। एमएलसी प्रतिनिधि दुर्गेश दीक्षित और पूर्व प्रधान साहेब प्रसाद यादव ने पुष्प वर्षा कर यात्रा में शामिल सभी लोगों का अभिनंदन किया। हाथों में भगवा ध्वज लेकर और जय श्री राम के नारों के साथ यात्रा के सहभागी उत्साहपूर्वक आगे बढ़ते रहे। यात्रा के मुख्य आयोजक विनय वर्मा ने बताया कि इस शौर्य यात्रा का उद्देश्य नशा मुक्ति, सनातन धर्म की रक्षा और जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है। 25 दिसंबर से प्रारंभ हुई यह यात्रा अयोध्या में समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा में लोगों की सहभागिता लगातार बढ़ रही है और इसके प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है।