बाराबंकी के कोटवाधाम में समर्थ स्वामी जगजीवनदास जी के 356वें जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर शनिवार की शाम अभरण सरोवर आस्था और प्रकाश से जगमगा उठा। इस अवसर पर सरोवर की सीढ़ियों पर आयोजित 14वें दीपोत्सव में एक साथ 51 हजार दीपक प्रज्ज्वलित किए गए। शाम ढलते ही जैसे ही दीपों में ज्योति प्रज्ज्वलित हुई, पूरा अभरण सरोवर दीपों की रोशनी से नहा उठा। चारों ओर फैली यह अलौकिक छटा देखकर घाट पर मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। दीपों की रोशनी जल में प्रतिबिंबित होकर ऐसा दृश्य रच रही थी, मानो सरोवर स्वयं प्रकाशमान हो गया हो। इस मनोहारी दृश्य को कैमरों में कैद करने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखते ही बनता था। फोटो और सेल्फी लेने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा और भक्त इस दिव्य क्षण का आनंद लेते नजर आए। कार्यक्रम के आयोजक एवं एमएलसी प्रतिनिधि दुर्गेश दीक्षित ने बताया कि समर्थ स्वामी जगजीवन दास जी के जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर आयोजित यह दीपोत्सव लगातार 14वें वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष यह आयोजन और अधिक भव्य रूप ले रहा है तथा भविष्य में भी इसी श्रद्धा और उल्लास के साथ यह परंपरा जारी रहेगी।