उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य व निषाद पार्टी की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जनक नंदिनी बुधवार को जिले में एक दिवसीय भ्रमण पर पहुंची। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र गोंदीपुर व जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। महिला अस्पताल में प्रसव ऑपरेशन के लिए प्रसूता से छह हजार रुपये लेने पर आयोग की सदस्य भड़क गई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमन दत्त गौतम को फटकार लगाते हुए प्रसूता का पैसा वापस कराने के साथ ही संबंधित कर्मचारी पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिला महिला अस्पताल सभागार में कन्या जन्मोत्सव में आयोग की सदस्य शामिल हुईं। उन्होंने नवजात की माताओं को उपहार देकर सम्मानित किया। परिजनों को जच्चा-बच्चा के सेहत की ख्याल रखने का सुझाव दिया। कहा कि प्रदेश सरकार गर्भवती व प्रसूताओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। योजनाओं का लाभ उठाएं।