यूरिया खाद की किल्लत से नाराज भारतीय किसान यूनियन (भानू) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिलाध्यक्ष बृजेश विश्वकर्मा के नेतृत्व में ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सहायक विकास अधिकारी (ग्राम विकास) विपिन चंद्र भारती को सौंपने के बाद कार्यकर्ताओं ने किसान सेवा सहकारी समिति गैसड़ी पर नारेबाजी की। किसानों ने आरोप लगाया कि समिति के सदस्य होने के बावजूद खाद नहीं मिल रही है और बार-बार कागज जमा कर तारीख दी जा रही है। उन्होंने ग्राम पंचायतवार वितरण व्यवस्था समाप्त कर जरूरत के अनुसार यूरिया उपलब्ध कराने, ओवररेटिंग पर रोक लगाने और कर्मचारियों की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की।