बलरामपुर में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के 10 फरवरी को प्रस्तावित दौरे को लेकर मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सोमवार को कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुलपति ने कार्यक्रम स्थल, बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा और स्वागत से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा, ताकि राज्यपाल का कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके। कुलपति ने निर्देश दिए कि परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का दौरा विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और संबंधित समितियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।