बलरामपुर में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रोबोटिक्स की आधुनिक दुनिया से परिचित कराने के लिए बुधवार को विशेष शो का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने स्मार्ट उपकरणों और रोबोटों की कार्यप्रणाली को करीब से देखा। आग बुझाने, दुर्घटनाओं से बचाव और स्वच्छता बनाए रखने में तकनीक की उपयोगिता समझी। कार्यक्रम के जरिये विद्यार्थियों को बताया गया कि एआई और रोबोटिक्स भविष्य की शिक्षा, सुरक्षा और नवाचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान फायरफाइटिंग रोबोट, स्मार्ट डस्टबिन, दुर्घटना से बचाव करने वाले रोबोट और आग से सुरक्षा देने वाली तकनीक आकर्षण का केंद्र रहे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को इन उपकरणों की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से आपातकालीन परिस्थितियों में मदद मिलने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। फ्यूचर गुरुकुल से आए आशीष गौतम ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की उपयोगिता और रोबोटिक्स के व्यावहारिक इस्तेमाल की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ विभिन्न रोबोटों को देखा और तकनीक से जुड़े सवालों के जरिये अपनी जिज्ञासाएं दूर कीं। कार्यक्रम में डॉ. सद्गुरु प्रकाश, एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्राणि विज्ञान विभागाध्यक्ष, एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर, मंगलदेव मिश्रा, आफरीन बानो और अपूर्वा मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और समस्या समाधान का कौशल विकसित करने में सहायक हैं। पायनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज, कालीथान, बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान प्रबंध निदेशक डॉ. एमपी तिवारी, कोषाध्यक्ष मीता तिवारी, प्रबंधक इंजीनियर आकाश तिवारी, निदेशक प्रकृति तिवारी, उप प्रधानाचार्या शिखा पांडेय, मुख्य समन्वयक सलिल सेठ सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।