सिकंदरपुर कस्बा स्थित चतुर्भुज नाथ इंटर कॉलेज में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सभी के दिलों को देशभक्ति के जज्बे से भर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार ने जैसे ही मंच पर कदम रखा, तो वह संबोधन से पहले खुद को रोक नहीं पाए और माइक संभालकर पूरे जोश और भावना के साथ एक देशभक्ति गीत गाने लगे। एसडीएम का यह अप्रत्याशित अंदाज देखते ही देखते माहौल को और भी भावुक और ऊर्जावान बना गया। गीत की पहली पंक्ति के साथ ही पूरा विद्यालय परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अतिथि उनकी गायकी में खो गए और गीत समाप्त होते ही जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद थे। सभी ने एसडीएम सुनील कुमार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पल सभी के लिए प्रेरणादायक और अविस्मरणीय बन गया। कई छात्रों ने बताया कि उन्होंने पहली बार किसी वरिष्ठ अधिकारी को मंच से इस तरह देशभक्ति गीत गाते हुए देखा। इस खास मौके को लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। कुछ ही घंटों में यह वीडियो फेसबुक, व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम पर वायरल हो गया, जिसे देखकर लोग उनकी देशप्रेम और सादगी की तारीफ कर रहे हैं। विद्यालय परिवार ने बताया कि एसडीएम सुनील कुमार का यह देशभक्ति से भरा अंदाज न केवल समारोह की शोभा बढ़ा गया, बल्कि उपस्थित हर व्यक्ति के दिल में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर गया।