नगरपालिका कर्मचारियों के बकाए वेतन, पेंशन सहित अन्य देयकों की मांग को लेकर नपा कार्यालय परिसर में चल रहा धरना बृहस्पतिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरना सभा को सभासदगणों और राज्यकर्मचारी संयुक्त परिषद सहित अन्य संगठनों ने अपना समर्थन दिया। उधर कर्मचारियों के हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह सड़क पर कूड़ा पसरा हुआ है और उससे उठ रही दुर्गंध के चलते राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धरना सभा को संबोधित करते हुए राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय ने कहा कि जब तक कर्मचारियों के वेतन और अन्य देयकों का भुगतान नहीं हो जाता है तब तक धरना जारी रहेगा। जब-जब कर्मचारियों ने वेतन सहित अन्य देयकों की मांग को लेकर धरना दिया तब-तब अधिशासी अधिकारी द्वारा आश्वासन देकर धरना को समाप्त करा दिया जाता है। लेकिन इस बार कर्मचारियों ने ठान लिया है कि जब तक हम लोगों के वेतन सहित अन्य 12 सूत्रीय मांगों को मान नहीं लिया जाता है तब धरना जारी रहेगा। नगर के वार्ड नंबर 19 के सभासद यशवंत सिंह बिसेन ने कहा कि चार दिनों से नगर के 25 वार्डों की सफाई नहीं हो रही है। इसकी जानकारी लेने पहुंचे तो पता चला कि कर्मचारियों का वेतन बकाया है। कहा कि आउट सोर्सिंग कर्मचारियों को मानदेय से अपना भरण पोषण करना पड़ता है। अधिशासी अधिकारी द्वारा मानदेय का भुगतान न करने से कर्मचारी कर्ज लेने को विवश है। कहा कि पूरे नगर क्षेत्र में जो भी अराजकता फैली है उसका मूल कारण अधिशासी अधिकारी है। धरना सभा में भारतभूषण मिश्र, अनिल राम, शंभू रावत, उर्मिला देवी, राघव मिश्र, श्यामजी, पिंटू, मनोज, लखन रावत आदि कर्मचारी मौजूद रहे।