बलिया जिले के अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर व शातिर गोतस्कर को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि शिवरामपुर घाट रोड स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की स्कॉर्पियो से वांछित आरोपी मदन मोहन (27) निवासी इच्छा चौबे का पूरा, थाना नरही आ रहा है। पुलिस टीम ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो आरोपी भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने स्कॉर्पियो से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।