कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को अवैध रूप से लगी दुकानों के खिलाफ प्रशासन को बुल्डोजर जमकर गरजा। इस दौरान दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। नगर पालिका परिषद की टीम ने गुमटी व टीनशेड की बनी अस्थाई दुकानों का हटा दिया। प्रशासन की तरफ से कुछ दुकानें स्थापित की गई है। इनसे राजस्व वसूला जाता है। इसके अलाव भी कई दुकानदार बिना प्रशासन की अनुमति से ही लगाई गई है, जिससे अतिक्रमण भी हो गया था। प्रशासन की तरफ से उन्हें नोटिस भी दिया गया था, उसके बाद भी दुकानदार अपनी दुकानें नहीं हटाये। सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा के नेतृत्व में दोपहर बाद नगर पालिका परिषद की टीम पहुंच गई। उन्होंने पहले विद्युत विभाग के एक्सईएन से बात कर उस क्षेत्र की विद्युत सप्लाई बंद करा दी, जिससे कोई खतरा न हो सके। उसके बाद नगर पालिका परिषद के बुल्डोजर ने एक-एक दुकानों को उठाकर ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर लेकर चले गए। इससे दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। कई दुकानदार स्वयं हटाने लगे। प्रशासन के अनुसार लगभग 20 दुकानें अवैध रूप से चल रही थी। इस दौरान सिविल लाइन चौकी की पुलिस टीम भी मौजूद थी। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। दुकानदारों को पहले ही हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद भी नहीं हटाने पर सख्ती दिखाई गई है। छुट्टी के दिन भी दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिए गए है।