पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य यातायात प्रबंधक आईआरटीएस अधिकारी निर्भय नारायण सिंह के संयोजकत्व में बाबा लक्ष्मण दास द्वाबा राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बैरिया में शनिवार से आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेला का समापन रविवार की शाम को हो गया। इस रोजगार मेले में कुल 424 युवाओं को नोएडा की प्रतिष्ठित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी ने नौकरी प्रदान की। कुल 500 लोगों को नौकरी देने के लिए यह रोजगार मेला आयोजित किया गया था, 800 लोगों के साक्षात्कार के बाद 424 लोगों को कंपनी ने नौकरी देने के लिए उन्हें नियुक्ति पत्र दिया। निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि आगे भी इस तरह के रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। प्रयास है कि यहां के पढ़ लिखकर बेरोजगारी के शिकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। युवाओं से आग्रह किया कि वह शिक्षा के प्रति गंभीर बने। मन लगाकर कड़ी मेहनत से पढ़ाई करें और पढ़ाएं। जीवन में सफलता का कोई शार्ट कट रास्ता नहीं है। इस शिविर में निर्भय नारायण सिंह के अलावा बहुराष्ट्रीय कंपनी के अधिकारी व बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।