बहराइच। प्रदेश सरकार की नई बिजली बिल राहत योजना 2025-26 के लागू होने से रुपईडीहा क्षेत्र के घरेलू एवं छोटे व्यापारिक उपभोक्ताओं को बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। सहाबा उपखंड के अवर अभियंता शंभू दयाल ने बताया कि यूपी पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा घोषित यह योजना 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस योजना का उद्देश्य लंबे समय से बकाया बिजली बिल से परेशान उपभोक्ताओं को राहत देना है। योजना के तहत 2 किलोवाट तक के घरेलू और 1 किलोवाट तक के छोटे वाणिज्यिक (एलएमवी-2) उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान करने पर 100 प्रतिशत सरचार्ज, ब्याज एवं जुर्माना माफ किया जाएगा। साथ ही मूल बकाया राशि पर अधिकतम 25 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। छूट चरणबद्ध रूप से दी जाएगी। दिसंबर 2025 में 25 प्रतिशत, जनवरी 2026 में 20 प्रतिशत और फरवरी 2026 में 15 प्रतिशत तक छूट का लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा। जिन उपभोक्ताओं के लिए एकमुश्त भुगतान संभव नहीं है, वे आसान मासिक किस्तों में भी बकाया राशि जमा कर सकेंगे। यह सुविधा आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी मानी जा रही है। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे योजना की अवधि के भीतर पंजीकरण कराकर बकाया बिल जमा करें। बिल सुधार और किस्त संबंधी जानकारी इंडियन बैंक के स्थानीय अधिकृत काउंटरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विद्युत अवर अभियंता शंभू दयाल ने नगर पंचायत रुपईडीहा क्षेत्र में डोर-टू-डोर अभियान शुरू किया। इस दौरान उन्होंने अनूप कुमार, संजय कुमार सहित दर्जनों घरों और दुकानों पर जाकर उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी दी और अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए समय रहते बिजली बिल जमा करने की अपील की। अभियान में मनीष पटेल (टीजी-2), सुरेंद्र सिंह तथा क्षेत्र के मीटर रीडर भी मौजूद रहे।