उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के बीच एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को बहराइच की मटेरा विधानसभा से चुनावी बिगुल फूंक दिया। शंकरपुर चौराहे पर आयोजित विशाल जनसभा में उन्होंने स्थानीय राजनीति से लेकर प्रदेश सरकार की नीतियों तक पर तीखे सवाल उठाए। हजारों समर्थकों की मौजूदगी में ओवैसी ने कहा कि मटेरा किसी एक परिवार की जागीर नहीं है। क्षेत्र की जनता अब बदलाव चाहती है। ओवैसी ने कहा कि पिछले करीब 25 वर्षों से एक ही परिवार क्षेत्र की राजनीति पर प्रभाव बनाए हुए है, लेकिन आम मुसलमानों और कमजोर वर्गों की आवाज विधानसभा तक नहीं पहुंच सकी। उन्होंने लोगों से एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को 2027 में विधायक बनाकर भेजने की अपील करते हुए कहा कि इससे मटेरा और बहराइच के लोगों की आवाज मजबूती से उठाई जा सकेगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में बदलाव का आह्वान किया। अपने भाषण में ओवैसी ने प्रदेश में हो रहे एनकाउंटरों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार उत्तर प्रदेश में हजारों एनकाउंटर हुए हैं और कई निर्दोष लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान किसी भी धर्म, जाति या वर्ग के साथ भेदभाव की अनुमति नहीं देता और कानून का राज सभी के लिए समान होना चाहिए। ओवैसी ने कहा कि लोकतंत्र में न्याय और समान अवसर हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वंचित और अल्पसंख्यक वर्गों की समस्याओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। सभा के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला और बार-बार नारेबाजी होती रही। कार्यक्रम में जूही राजा, सिद्दीकी अनवर उल हसन, अब्दुल मन्नान, जिला अध्यक्ष फिरोज बागवान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।