जनपद के थाना सुजौली क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर गांव में दो सगे भाई में हुई मारपीट में घायल हुए छोटे भाई की इलाज के दौरान शनिवार रात मौत हो गई है। हमलावर भाई के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। भवानीपुर गांव में बीते 3 मार्च की शाम को गांव निवासी वीरेंद्र सिंह चौहान पुत्र श्रीभगवान का उनके बड़े भाई सदाब्रिज से विवाद हो गया। मृतक के बेटे अनिल ने बताया कि उसकी जमीन पर नल लगाने पर कहासुनी हुई जो मारपीट में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया जमकर मारपीट हुई जिसमें उसका पिता वीरेंद्र सिंह घायल अवस्था में गेंहू के खेत में बेहोश पड़ा था जिसे उसके बेटों ने उठाकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बेटे ने बताया कि पिता के सिर, गला, चेहरे और शरीर के कई अंगों में गहरा जख्म था लगातार 4 दिनों तक इलाज चलने के बाद उन्हें घर लाया गया इस दौरान 5वें दिन शनिवार की रात को उनकी मृत्यु हो गई।