बहराइच के रुपईडीहा कस्बा के बजाजा मार्केट स्थित विद्या कलेक्शन के पास शनिवार रात लगभग 11:00 बजे विद्युत आपूर्ति करने वाले पोल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पोल धधकने लगा, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पोल के समीप कई दुकानें होने के कारण आग फैलने की आशंका बनी रही। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से समय रहते सहाबा पावर हाउस को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय निवासी नीरज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने सहाबा पावर हाउस को फोन कर लाइन कटवाई। उनका आरोप है कि नानपारा के एसडीओ से संतोषजनक बातचीत नहीं हो सकी, जबकि विद्युत अवर अभियंता तथा लाइनमैन सोनू और पवन के मोबाइल फोन बंद मिले। बाद में लाइनमैन सगीर अहमद और सोनू रंजीतबोझा मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के साथ आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराया। हालांकि रात में जले तारो को सही न कर पाने,संसाधनों की कमी संख्या बल की कमी, अन्य क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति के लिएके लिए एक क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे दर्जनों घरों में पूरी रात बिजली गुल रही। भीषण उमस और गर्मी के बीच लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी, जिससे स्थानीय नागरिकों में विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में पहले से ही करीब तीन ट्रांसफार्मर जले पड़े हैं, जिनकी जगह ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति की जा रही है। लोगों का आरोप है कि जले हुए ट्रांसफार्मरों को अब तक नहीं बदला गया है, जिससे विद्युत व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है और आए दिन ऐसी घटनाएं होने का खतरा बना रहता है। घटना के बाद वाशु बंसल, विकास कजरिया, शिवा गुप्ता, अमरनाथ गुप्ता, प्यारे मोहन अग्रवाल, हिमांशु गुप्ता, दीपक बरनवाल, वसीर, वसीम, साहिल और कलीम अहमद सहित अन्य स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। साथ ही जले हुए ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने, विद्युत व्यवस्था में सुधार करने तथा आपात स्थिति में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।