यूपी के बहराइच में शनिवार को कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटन सत्र का शुभारंभ हुआ। सुबह से ही सजावट से गुलजार मुख्य द्वार और नाव घाट पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजे पांच टाटा जिनान वाहन जंगल सफारी के लिए तैयार खड़े रहे। इन्हें सांसद आनंद गौड़ और बलहा विधायक सरोज सोनकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्य अतिथियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। थारू महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प व उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कतर्नियाघाट वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ के नेतृत्व में यह भव्य कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस दौरान पर्यटकों की सुरक्षा व गाइडेंस के लिए नियुक्त ड्राइवर आबिद, मोहम्मद इरशाद, जाकिर, सुरेश, और गाइड फैसल, आशिक अली, आकाश आदि वर्दी में मौजूद रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग पर्यटन प्रभारी मयंक पांडेय और उत्तर प्रदेश वन निगम के अनुभाग अधिकारी कबीर दास द्वारा की गई। प्रभागीय वनाधिकारी सूरज सिंह द्वारा सांसद का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज के फाटक बंद होने से गेरुआ नदी का जलस्तर घट गया है। इस कारण इस बार पर्यटक बोटिंग का आनंद नहीं ले सके। इससे पहले की तरह नाव विहार न होने से कई पर्यटक निराश दिखाई दिए। कार्यक्रम के दौरान भरथापुर नाव हादसे में मृत महिला सहित लापता लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। सांसद आनंद गौड़ और विधायक सरोज सोनकर सहित उपस्थित लोगों ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया।