बहराइच के रुपईडीहा में रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए परिवहन निगम ने यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राम प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में 78 बसों का संचालन किया जा रहा है। रक्षाबंधन के दिन यात्रियों की भीड़ और बसों की आवश्यकता को देखते हुए जिन स्थानों पर अधिक बसों की जरूरत होगी, वहां अतिरिक्त बसें भेजकर परिवहन व्यवस्था को सुचारु रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर विशेष रूप से महिला यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा जाएगा। बसों में तैनात चालक-परिचालकों को यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार करने और पर्व के दौरान उन्हें सुगम एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि परिवहन निगम का उद्देश्य पर्व के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देना है। आवश्यकता के अनुसार बसों का संचालन बढ़ाकर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।