बागपत जनपद के बालैनी क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को श्रद्धा का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान परशुरामेश्वर महादेव के दर्शन के लिए सुबह 3 बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मंदिर के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। घंटों इंतजार के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष पर भांग, दूध, धतूरा, शहद और जल चढ़ाकर विशेष जलाभिषेक किया और मनोकामनाएं मांगीं। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालु जलाभिषेक कर चुके हैं और भक्तों की आवक लगातार जारी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मंदिर परिसर के अंदर और बाहर कड़ी व्यवस्था की गई थी। हर चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। सीओ रोहन चौरसिया स्वयं सुबह से मंदिर में मौजूद हैं और पूरी व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।