सावन माह में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों का सोमवार सुबह बारिश के बीच सहारनपुर के बड़गांव में पुलिस और ग्रामीणों ने स्वागत किया। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के नीचे सड़क किनारे लगाए गए सेवा शिविर में पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों पर गेंदे के फूल बरसाए। सेवा शिविर में शिवभक्तों को फल, शुद्ध पेयजल और प्रसाद भी वितरित किया गया। बारिश के बावजूद सेवा में जुटे लोगों का उत्साह देखते ही बना। सेवा भाव से अभिभूत कांवड़िए बोल बम के जयघोष के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। इस दौरान खेमचंद कश्यप, ऋषिपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, डॉ. ईश्वर राणा, प्रधान शिवकुमार सिंह और थानाध्यक्ष बड़गांव नरेंद्र भड़ाना समेत पुलिस टीम मौजूद रही।