आजमगढ़ जिले में किन्नर समाज के लोगों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर एक अन्य किन्नर और उसके साथियों पर उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ितों ने एसपी को लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित किन्नरों का कहना है कि उन्होंने एक किन्नर को पहले मांगने और बधाई लेने के लिए अपने इलाके में जगह दी थी, लेकिन अब वह आए दिन उत्पात मचा रहे हैं। आरोप है कि उक्त किन्नर और उनके साथी उन्हें उनके ही इलाके में बधाई लेने से रोकते हैं। जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। किन्नर समाज के लोगों ने बताया कि लगातार हो रहे उत्पीड़न से वे काफी परेशान हैं। इसी कारण उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि वे शांति से अपना पारंपरिक कार्य करना चाहते हैं, लेकिन लगातार धमकियों के चलते भय का माहौल बना हुआ है। पीड़ितों ने एसपी से आरोपी किन्नर और उनके साथियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।