हिंदुस्तानी एकेडमी, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज एवं डीएवी पीजी कॉलेज के हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को प्रख्यात साहित्यकार स्व. डॉ. कन्हैया सिंह की जयंती पर राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आए शिक्षाविदों, साहित्यकारों और शोधार्थियों ने डॉ. कन्हैया सिंह के साहित्यिक अवदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। संगोष्ठी का विषय ‘हिन्दी सूफी काव्य में हिन्दू संस्कृति’ रहा। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने किया। मुख्य अतिथि जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के कुलपति प्रो. एनके शुक्ला रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह तथा जीबी पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. योगेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।