नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एक शर्मा ने शुक्रवार को सठियांव में आयोजित बिजली कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आम उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभागीय अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि बिजली बिलों में गड़बड़ी और अन्य शिकायतों के समाधान के लिए प्रदेशभर में मेगा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि किसी भी व्यक्ति को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि विभाग हर समस्या के समाधान के लिए पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण बिजली की मांग में भारी वृद्धि हुई है, जिसके चलते कुछ स्थानों पर आपूर्ति में व्यवधान की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए विभाग लगातार व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कर रहा है। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की जा रही है और निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बिजली आज हर व्यक्ति के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है, जिसके बिना मोबाइल, अस्पताल और दैनिक जीवन की कई आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो जाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में बिजली उत्पादन के क्षेत्र में दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। मंत्री ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि बिजली से जुड़ी हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। कैंप के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए मौके पर ही निर्देश दिए गए।