रोडवेज बसों में ज्वलनशील सामान ले जाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। इसके बावजूद रोडवेज की एक बस के अंदर छोटे सिलेंडर पर खाना बनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चालक और परिचालक बस के अंदर खाना बनाते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद रोडवेज बसों में यात्रियों की सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार बसों में ज्वलनशील सामग्री ले जाने पर रोक है। यहां तक कि यदि कोई चालक-परिचालक ज्वलनशील सामान ले जाते पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है और नौकरी तक जा सकती है। इसके लिए बस स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई यात्री ज्वलनशील सामग्री लेकर सफर न करे। यदि कोई ऐसा करता मिले तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके बावजूद वायरल वीडियो में रोडवेज बस के अंदर ही छोटे सिलेंडर पर खाना बनाया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा बस का नंबर यूपी 78 जेटी 7673 बताया जा रहा है। बस दोहरीघाट डिपो की बताई जा रही है। वीडियो में बस के अंदर चालक और परिचालक खाना बनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब यात्रियों को बस में ज्वलनशील सामान ले जाने की अनुमति नहीं है तो चालक-परिचालक बस के अंदर सिलेंडर का इस्तेमाल कर खाना कैसे बना रहे हैं।