कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित चौक सब्जी मंडी में प्रशासन का बुलडोजर एक बार फिर गरजा। प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण के लिए चिन्हित की गई भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने हटवा दिया। यह कार्रवाई अयोध्या विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम की ओर से की गई। चौक क्षेत्र में बन रहे मल्टीलेवल कॉम्प्लेक्स के पास अयोध्या विकास प्राधिकरण के अधिकारियों और सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। मौके पर सीओ सिटी श्रीयस त्रिपाठी और नगर कोतवाल अश्वनी पांडेय भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे, ताकि किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की समस्या न उत्पन्न हो। अयोध्या विकास प्राधिकरण के ओएसडी मयंक कुमार सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट राजेश मिश्र ने बताया कि चौक क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया जाना है। इसके लिए पहले चरण में अधिकांश अतिक्रमण हटा दिए गए थे और सभी अतिक्रमणकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया गया था। इसके बावजूद करीब 20 परिवारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके चलते आज यह कार्रवाई की गई। वहीं, कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध भी किया। एक महिला ने कहा कि उन्हें वहीं प्रधानमंत्री आवास दिया जाए, जहां वे रह रही हैं, अन्य स्थान पर वह आवास नहीं लेंगी। हालांकि प्रशासन ने साफ किया कि जनहित और विकास कार्यों को लेकर कार्रवाई जारी है।