माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी मंगलवार को अयोध्या पहुंची। सर्किट हाउस में उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके साथ ही राम मंदिर के भूमि पूजन की वर्षगांठ पर उन्होंने कहा कि भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है। देश भर से श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे है। वहीं, दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव के अपमान पर उनके पति और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की चुप्पी पर उन्होंने कहा कि यह वोट बैंक की राजनीति है। मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि नया शिक्षा सत्र शुरू हो चुका है। बैठक करने अयोध्या पहुंची हूं। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों में कोई दिक्कत न हो और परीक्षा नकल विहीन हो इसकी भी तैयारी करनी है। वहीं, दूसरी तरफ स्कूलों की जर्जर अवस्था पर कहा कि पहले ही इसकी तैयारी कर ली गई है। स्कूलों के मरम्मत के लिए कहा गया है। जो भी स्कूल जर्जर हैं, उनकी मरम्मत करा दी जाएगी। इसके साथ ही राम मंदिर भूमि पूजन की वर्षगांठ पर गुलाब देवी ने कहा कि हमारे रामलला अपने भवन में विराजमान हों, इसके लिए हमारे सपूतों ने बलिदान दिया है। आज उनका बलिदान सफल हुआ है। दरअसल आज ही के दिन पांच अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का भूमि पूजन किया था। मौलाना रशीदी की ओर से डिंपल यादव के अपमान व अखिलेश यादव की चुप्पी पर गुलाब देवी ने कहा कि अखिलेश यादव की कोई परिस्थितिया होंगी, जिसके लिए वह चुप हैं। यह वोट की राजनीति है। सबकी अपनी अपनी परिस्थितिया होती हैं। किन परिस्थितियों के आधार पर अखिलेश यादव कुछ नहीं बोल रहे हैं लेकिन और सब लोग इसका विरोध कर रहे हैं। प्रश्न यह नहीं है कि डिंपल यादव सांसद हैं। प्रश्न यह है कि वह महिला हैं और यह अपमान महिला समाज का हुआ है, भले ही अखिलेश यादव इस पर कुछ न बोलें।