रामनगरी में दीपोत्सव की चमक इस बार पिछले सालों से कहीं ज्यादा नजर आ रही है। अयोध्या के दीपोत्सव को लेकर देश-दुनिया के श्रद्धालुओं और पर्यटकों का उत्साह चरम पर है। शहर के होटल, धर्मशालाएं और होमस्टे पूरी तरह से फुल हो चुके हैं। अयोध्या कैंट और अयोध्या धाम दोनों जगह छोटे-बड़े हर होटल में कमरे की भारी डिमांड है। होटल संचालकों का कहना है कि दीपोत्सव के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु एक महीने पहले से ही एडवांस बुकिंग कर रहे थे। अब जब दीपोत्सव में केवल दो-तीन दिन शेष हैं, तो जिन लोगों ने पहले बुकिंग नहीं की, वे जगह तलाशते हुए भटक रहे हैं। कई होटलों में एडवांस बुकिंग की प्रक्रिया अब भी जारी है, लेकिन कमरे मिलना बेहद मुश्किल हो गया है। होटल व्यवसायियों का कहना है कि दीपोत्सव का समय उनके लिए साल का सबसे सुनहरा दौर होता है, जब कारोबार में चार चांद लग जाते हैं। वहीं, प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में लाखों दीपों की रोशनी के साथ श्रद्धा, आस्था और पर्यटन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा, जो शहर की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा।