बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के भदेसर खजुरहट गांव में एक माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 13 वर्षीय किशोरी की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। जिलाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार सुबह प्रशासन ने कब्र से किशोरी का शव निकलवाकर पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया। मृतका के पिता निरंजन ने पुत्री की मौत को संदिग्ध बताते हुए बीकापुर कोतवाली, एसएसपी, डीआईजी व जिलाधिकारी से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 6 मई को बेटी की मौत के बाद पड़ोसियों ने बिना सूचना दिए शव दफना दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम के निर्देश पर मेडिकल टीम, तहसील प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ शवोउत्खनन कराया गया। एसडीएम श्रेया ने बताया कि फॉरेंसिक जांच व पैनल पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।