समाजवादी पार्टी ने पीडीए महासम्मेलन की तैयारी शुरू कर दी है। 26 जुलाई को सहादतगंज स्थित फॉरएवर लॉन में पीडीए का महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। रविवार को यहां प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने बताया कि 26 जुलाई को संविधान स्तंभ स्थापना दिवस है। इस दिन आरक्षण बचाओ और पीडीए का महासम्मेलन होगा। अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। भारतीय जनता पार्टी की सरकार के खात्मे के लिए यह सम्मेलन मील का पत्थर साबित होगा। जब से भाजपा की सरकार आई है, पूरे प्रदेश में लोगों में तबाही और बर्बादी आई है। किसान और नौजवान परेशान हैं। आरक्षण पूरी तरह से खत्म किया जा रहा है। सरकारी संस्थाओं को निजी हाथों में बेचा जा रहा है। बिजली विभाग की संपदा 80 हजार करोड़ की है। इसको 10 हजार करोड़ में बेचने की तैयारी की जा रही है। जबकि इस समय बिजली का संकट चल रहा है। ऊर्जा मंत्री के वायरल हो रहे वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि जब बिजली संकट पर उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा जय श्री राम। अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा सरकार एक सपना हो जाएगी एक कहानी बनकर रह जाएगी कि उत्तर प्रदेश में कभी बीजेपी की सरकार थी। जनता भी इस बार भाजपा की राम-राम सत्य करेगी। 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा का राम-राम सत्य कर देगी।