राम मंदिर के दान में कथित गबन के आरोपों की जांच कर रही एसआईटी मंगलवार को दूसरे दिन भी राम जन्मभूमि परिसर पहुंची। टीम यात्री निवास होटल से निकलकर मंदिर परिसर पहुंची और जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। सूत्रों के अनुसार, दान की गणना और नोटों के बंडल तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़े बैंक कर्मचारियों को आवश्यक दस्तावेजों और अभिलेखों के साथ तलब किया गया है। राम मंदिर परिसर में अधिकृत रूप से नोटों का बंडल बनाने वाले बैंक कर्मियों से भी पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य भी परिसर में मौजूद रहे। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय सुबह लगभग 10:39 बजे मंदिर के पीछे स्थित प्रवेश द्वार से परिसर पहुंचे। इससे पहले सोमवार को एसआईटी ने 43 लोगों से पूछताछ की थी। दान राशि के प्रबंधन और जमा प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।