राम मंदिर में 25 नवंबर को ध्वजारोहण समारोह की तैयारी पूरी हो गई है। पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक प्रमुख मोहन भागवत व राजपाल आनंदीबेन पटेल जगदगुरु आद्य शंकराचार्य द्वार यानी गेट नंबर 11 से राम मंदिर में प्रवेश करेंगे। पूरे मंदिर परिसर की भव्य सजावट की गई है। पीएम मोदी राम मंदिर में रामलला व राम दरबार का दर्शन करेंगे। साथ ही सप्त ऋषि मंदिर में भी दर्शन पूजन करेंगे। वह शेषावतार मंदिर में भी जाएंगे। इसके बाद राम मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराएंगे। पीएम मोदी सुबह 10:00 बजे से 1:30 बजे तक राम मंदिर परिसर में रहेंगे। कल विवाह पंचमी की तिथि है, इसलिए मंदिर में शाम 7:00 बजे श्रीराम विवाह महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा।