मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र राम गुलाम शुक्रवार को काशी से अयोध्या पहुंचे। अयोध्या एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच रेड कॉर्पेट और उनका स्वागत किया। यहां से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का काफिला राम मंदिर के लिए रवाना हुआ। एयरपोर्ट से राम मंदिर तक रास्ते में कई जगहों पर सांस्कृतिक दलों के कलाकारों की ओर से प्रधानमंत्री के स्वागत में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी की ही तरह अयोध्या में भी अपने शाही स्वागत से प्रधानमंत्री गदगद दिखे। मुख्यमंत्री योगी के साथ राम मंदिर पहुंचे प्रधानमंत्री ने रामलला और राजा राम के दरबार में दर्शन पूजन किया। इस दौरान उनकी पत्नी वीणा रामगुलाम भारतीय वेशभूषा में नजर आईं। प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी ने रामलला की आरती उतारी और चरणामृत प्रसाद ग्रहण किया। राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मंदिर परिसर का भ्रमण करवाते हुए निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी दी। करीब 45 मिनट तक मंदिर में रुकने के बाद मॉरीशस के प्रधानमंत्री अयोध्या एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। उन्हें विदा करने के लिए मुख्यमंत्री भी साथ में गए। इस दौरान सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट से राम मंदिर तक प्रधानमंत्री के आगमन और वापसी के दौरान यातायात प्रतिबंधित रहा।