बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के खजुरहट गोलाबाजार मजरुद्दीनपुर में तेज आंधी के दौरान पेड़ की डाल गिरने से 20 वर्षीय नवविवाहिता हेमा यादव की मौत हो गई। बताया गया कि बुधवार शाम हेमा अपने मायके में घर के सामने चबूतरे पर बैठकर मोबाइल से बात कर रही थी। तभी तेज हवा के चलते पेड़ की भारी डाल टूटकर उसके ऊपर गिर गई। गंभीर हालत में परिजन उसे रामनगर स्थित निजी क्लीनिक ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर लाया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। सूचना पर कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम श्रेया व तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचे। काफी समझाने के बाद परिजन शव पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। मृतका की शादी इसी वर्ष 11 मार्च को हुई थी। उसके पति दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।