नँसा बाजार निवासी व्यवसायी बंसीलाल कसौधन की 15 वर्षीय पुत्री नव्या की सोमवार रात संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिवार के सदस्य घर के नीचे रहते थे और नव्या ऊपर बने कमरे में पढ़ाई करती थी। इस वर्ष उसने कक्षा 9 की परीक्षा दी थी और डायमंड विद्यालय रामपुर भगन में पढ़ती थी। सोमवार रात 9 बजे वह पढ़ाई के लिए ऊपर कमरे में गई थी। रात 10 बजे पिता के दुकान से लौटने पर खाना खाने के लिए बुलाने गए तो कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर देखा तो छात्रा पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली। परिजनों की सूचना पर डायल 112 टीम उसे सीएचसी तारुन ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। किशोरी असमय मौत पर पूरे बाजार शोक छा गया थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही सीएचसी तारुन पहुंचकर कार्रवाई की गई। मृतका के गले पर हैंगिंग का निशान मिला है। फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।